अवैध संबंध बना रामसागर की हत्या का कारण
पुलिस अधीक्षक ने प्रेसवार्ता में दी जानकारी
अम्बेडकरनगर। 22 सितम्बर को टाण्डा थाना क्षेत्र के फूलपुर गांव में नदी के किनारे खेत में हुई युवक की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि रामसागर की हत्या प्रेम प्रसंग में की गयी है। हत्या के लिए एक लाख रूपये की सुपारी दी गयी थी। इस घटना में रामसागर का सिर कटा शव खेत में पाया गया था जबकि उसका सिर नदी से बरामद किया गया था।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतक रामसागर का अवैध संबंध बीते चार साल से अमरजीत की पुत्री से चल रहा था। रामसागर की शादी हो जाने के बाद भी दोनो के संबंध चलते रहे। यह अमरजीत के परिवार वालो को नगवार गुजर रहा था। इसी बात को लेकर अमरजीत के पुत्र संतराम ने गुड्डू उर्फ जैसराज चैहान निवासी कोड़रा, नंदलाल पुत्र जंगदीश व अंगद पुत्र ओमप्रकाश से रामसागर को रास्ते से हटाने के लिए कहा इसके लिए एक लाख रूपये की रकम तय की गयी तथा कहा गया कि काम हो जाने पर रूपया दे दिया जायेगा। इसके पश्चात गुड्डू उर्फ जैसराज ने रामसागर को 21 सितम्बर की शाम लगभग पौने छः बजे केवटाही के पास बुलाया और कहा कि दो लड़कियो की व्यवस्था हो गयी है, चलो चलते है। इस बात पर रामसागर गुड्डू की मोटर साइकिल पर बैठकर त्रिमुहानी चैराहा होते हुए फूलपुर स्थित बहराम शहीद मजार के आगे अरहर के खेत के पास पहुंचा। यह खेत नहर से महज सौ मीटर दूरी पर है। वहां पहले से ही अमरजीत, अंगद व नंदलाल मौजूद थे। गुड्डू ने रामसागर से पहना हुआ शर्ट उतरवा दिया ताकि कोई पहचान न सके। अमरजीत ने रामसागर को गड़ासे से प्रहार कर जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद उसके सिर को शरीर से अलग कर दिया। सिर को ले जाकर नदी में फेंक दिया। 22 सितम्बर को स्थानीय लोगो को जब शव के बारे में पता चला तब पुलिस मौके पर पहुंची। मुकदमा पंजीकृत किये जाने के बाद पुलिस घटना की खुलासे के लिए लग गयी। घटना में अमरजीत फरार बताया जा रहा है।



0 comments:
Post a Comment