Wednesday, 28 September 2016

झमाझम हुई बरसात जिला मुख्यालय सहित कई जगह जल भराव

जल मग्न हुआ जिला चिकित्सालय का आवासीय परिसर
घरो के अंदर जा रहा बरसात का पानी, कई कार्यालयों के सामने हुआ जल भराव
अम्बेडकरनगर। बीती रात हुई भारी बरसात ने नगर पालिका की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। जिला मुख्यालय पर जगह-जगह हुए जल भराव से लोगों को काफी परेशानियो का सामना करना पड़ा। सबसे बुरी स्थिति तो जिला चिकित्सालय परिसर की है। चिकित्सालय के आवासीय परिसर में जल निकासी की कोई व्यवस्था न होने के कारण पूरा परिसर जलमग्न है। स्थिति यह है कि घरो से निकलने वाला पानी बाहर निकलने के बजाय अब बरसात का पानी घर के अंदर जा रहा है। इसके चलते परिसर में रहने वाले चिकित्सकीय कर्मियों को नारकीय जीवन जीने को मजबूर होना पड़ रहा है। पूरा चिकित्सालय परिसर गंदगी से भरा पड़ा है।
गौरतलब है कि चालू मौसम में डेंगू के मच्छर अपना कहर बरपा रहे है। चिकित्सको के ही अनुसार यह मच्छर साफ पानी में ही उत्पन्न होते है। ऐसे में चिकित्सालय परिसर में हुआ जल भराव डेंगू के मच्छरो के प्रजनन के लिए सबसे मुफीद साबित हो सकता है। इसके अलावां जिलाधिकारी कार्यालय से टाण्डा मार्ग पर निकलने वाला रास्ता घुटने तक पानी से डूबा हुआ है। यहीं हाल बसखारी मार्ग पर स्थित उपसंभागीय परिवहन कार्यालय का भी है। यहां भी कार्यालय में जाने के लिए लोगों को पानी से ही होकर गुजरना पड़ा। बुधवार की सुबह बस स्टेशन पर जबरदस्त जल भराव रहा। बस स्टेशन पर ही स्थित लोक निर्माण विभाग कार्यालय के सामने भी भारी जल भराव रहा। भारी बरसात के कारण अगेती की धान की फसल तथा गन्ने की तैयार फसल गिर गयी है। इसके कारण किसानों को नुकसान उठाना पड सकता है। मौसम के मिजाज को देखते हुए अभी और बरसात होने की संभावना जतायी जा रही है। फिलहाल अब होने वाली बरसात फसल के लिए बर्वादी का ही पैगाम लेकर आयेगी।

0 comments:

Post a Comment

Copyright © 2014 ABN NEWS | Designed With By Blogger Templates
Scroll To Top