लगातार जारी है डेंगू का कहर
संवाददाता। अंबेडकरनगर औद्योगिक बुनकर नगरी टाण्डा में डेंगू बुखार का कहर लगातार जारी है। नगर क्षेत्र में 24 घंटे के अंदर तीन लोगों की मौत हो गई है। नगर वासियों में भय, चिन्ता व आक्रोश व्याप्त है। जनपद मुख्यालय से मात्र 18 किलोमीटर की दूरी स्थित औद्योगिक बुनकर नगरी में डेंगू बुखार से लोगों के मरने का सिलसिला लगातार जारी है। मात्र 24 घंटे के अंदर ही नगर क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों में एक महिला सहित तीन लोगों की डेंगू बुखार से मौत हो गई है।
नगर क्षेत्र में फैले डेंगू बुखार से लोग भयभीत नज़र आ रहे हैं और तरह तरह के घरेलू नुख्से व टोटके भी आज़माए जा रहे हैं। स्थानीय प्रशासन या स्वास्थ विभाग द्वारा डेंगू बुखार से पीड़ितों के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है बल्कि औपचारिकता पूरी करने के लिए मेडिकल कैम्प लगा कर मात्र चन्द टेबलेट बांटे जा रहे है। एस-ग्रुप द्वारा गरीब मरीजों के लिए वैकल्पिक भर्ती अस्पताल बनाया गया है जहाँ भर्ती मरीजों का इलाज लगातार चल रहा है। नगर क्षेत्र में डेंगू बुखार की चपेट में आने से लगभग डेढ़ दर्जन मौतें हो चुकी है। मात्र 24 घंटे में ही कश्मिरिया निवासी 32 वर्षीय अताउल्लाह पुत्र मीरू तथा मीरानपुरा निकट एलआईसी कार्यालय निवासी 42 वर्षीय प्रदीप सोनी पुत्र ओमप्रकाश सोनी की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि महामाया मेडिकल कालेज द्वारा लखनऊ रिफर की गई 36 वर्षीय निशात अंजुम पत्नी अबुलैश निवासी मुसहाँ की रास्ते में ही मौत हो गई है। नगर क्षेत्र में डेंगू बुखार से लगभग डेढ़ दर्जन लोगों की असमय मौत हो चुकी है जबकि सैकड़ों लोग प्राइवेट चिकित्सकों की शरण में पहुँचने के बाद भी भयभीत नज़र आ रहे हैं। मात्र 24 घण्टे में डेंगू बुखार की चपेट में आने से तीन-तीन लोगों की हुई मौतों से पूरा नगर क्षेत्र भय व दहशत सहित आक्रोशित चल रहा है। शासन प्रशासन द्वारा नगर क्षेत्र में डेंगू बुखार के पीड़ितों के लिए ना तो कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है और ना ही लोगों को डेंगू के प्रति जागरूक करने के लिए नगर क्षेत्र में कोई अभियान चलाया जा रहा है। टाण्डा नगर में डेंगू बुखार से लगातार मौतें हो रही हैं तथा स्थानीय प्रशासन का रवैय्या पूरी तरह से उदासीन नज़र आ रहा है और हद तो ये हो गई कि चुनाव प्रचार में लगे विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के नेतागणों ने भी बुनकर नगरी से मुँह मोड़ रखा है। शासन प्रशासन व राजनेताओं के प्रति स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश व्याप्त है।


0 comments:
Post a Comment