Saturday, 1 October 2016

बस चालक की लापरवाही ने ले ली मासूम की जान, बुझा चिराग

सड़क के उल्टे किनारे बच्चे को उतार निकल गया बस चालक
सड़क पार करते समय बोलेरो की चपेट में आया छात्र, पलटी बुलेरों

संवाददाता। अम्बेडकरनगर
यातयात के नियमों के पालन के प्रति जहां परिवहन विभाग सर्तकता का दावा कर रहा है और वाहन चालकों को जागरूक करने में काफी धन व्यय कर रहा है वहीं यह पूरा अभियान कागज की नाव साबित होता जा रहा है। नतीजा यह है कि  निजी स्कूलो द्वारा संचालित होने वाली बसो के चालको द्वारा मनमानी का दौर जारी है। स्कूल प्रबंधन निर्धारित दिशा निर्देशो का अनुपालन करने से कतरा रहा है। शनिवार को इसी प्रकार की लापरवाही के चलते स्कूल से घर जा रहा एक घर का चिराग बोलेरो की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौत हो गयी। आठ वर्षीय बच्चे की मौत की खबर ने पूरे परिवार पर बज्रपात सा कर दिया। परिजनो की चीत्कारे हर किसी की आंखे नम कर दे रही थी। यह सब कुछ जिला प्रशासन की लापरवाही का परिणाम है।
                               घटना फैजाबाद मार्ग पर लाल ब्रदर्स पेट्रोल पम्प के निकट की है। बगल मंे रहने वाले सुरेन्द्र शुक्ला का आठ वर्षीय पुत्र अभिनव शुक्ला बगल में स्थित वीएसएस एजुकेशनल अकादमी में कक्षा चार का छात्र था। शनिवार को सार्वजनिक अवकाश के बावजूद विद्यालय खुला था। अभिनव परीक्षा देने स्कूल गया था। वहां से उसे स्कूल बस से लाल ब्रदर्स पेट्रोल पम्प के निकट उतारा गया। बस चालक अथवा उसमे सवार किसी अन्य कर्मी ने अभिनव को सड़क पार करवाने की आवश्यकता नहीं समझी। वह जैसे ही सड़क पार करने लगा, सुरेश वर्मा की बोलेरो की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल अभिनव को तत्काल जिला चिकित्सालय लाया गया जहां चिकित्सको ने उसे मृत घोषित कर दिया। अभिनव के मृत होने की सूचना जैसे ही उसके परिवार मंे पहुंची, वहां कोहराम मच गया। वह अपने मां बाप की इकलौती संतान था। सुरेन्द्र के एक लड़की भी है। मूल रूप से फैजाबाद जिले के कुमारगंज थानान्तर्गत गोइड़ीपुर शुक्ल के रहने वाले सुरेन्द्र जिला मुख्यालय पर किसी प्राइवेट फर्म में काम करते हैं। वह फैजाबाद मार्ग पर पत्नी व पुत्र के साथ किराये पर कमरा लेकर रहते हैं। पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में ले लिया है।

0 comments:

Post a Comment

Copyright © 2014 ABN NEWS | Designed With By Blogger Templates
Scroll To Top